हरियाणा में प्रचंड गर्मी का कहर: मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट, यह शहर रहा सबसे गर्म

हरियाणा में प्रचंड गर्मी का कहर: मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट, यह शहर रहा सबसे गर्म

उत्तर भारत समेत हरियाणा में इन दिनों प्रचंड गर्मी पड़ रही है। बढ़ते तापमान को लेकर मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी कर दिया है। अभी राज्य के लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली। डिटेल में पढ़ें खबर…

Red Alert In Haryana: हरियाणा में लगातार पांचवें दिन गर्मी का प्रकोप जारी रहा। आसमान से आग बरसने के साथ गर्म हवाओं के थपेडे़ पूरे दिन चलते रहे। लगातार तीसरे दिन सिरसा राज्य में सबसे गर्म रहा। सिरसा में बुधवार को अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग ने इस सीजन में पहला रेड अलर्ट जारी करते हुए भीषण गर्मी की चेतावनी जारी की है। राज्य के दक्षिण हिस्से में स्थित शहरों में अगले दो दिन अधिकतम तापमान 48 डिग्री तक पहुंच सकता है। अधिकतर इलाकों में भीषण लू की चेतावनी जारी की गई है। अगले तीन दिन तापमान में गिरावट आने का कोई आसार नहीं है।

अभी और बढ़ेगा तापमान 

मौसम विभाग ने तीन दिन का पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया, 12 से 14 जून के बीच हरियाणा के दक्षिण व दक्षिण पश्चिम में 46 से 48 व अन्य हिस्सों में 44 से 46 डिग्री के बीच तापमान रहने की संभावना जताई है। अगले दो दिन के लिए रेड अलर्ट और तीसरे दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 14 जून से कुछ जिलों में हल्की बारिश की संभावना है और 40 से 50 किमी प्रतिघंटा की गति से तेज हवाएं चल सकती हैं।

दिन के साथ रातें भी हुईं गर्म

दिन के साथ रात का भी तापमान असहनीय हो गया है। राज्य के चार जिलों अंबाला, भिवानी, चरखी दादरी और सिरसा में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन के लिए रात में भी तापमान 30 डिग्री के आसपास रहने की संभावना जताई है। नारनौल में न्यूनतम तापमान 29.3, रोहतक में 28.6, फरीदाबाद में 29.4, नूंह में 29.1 डिग्री दर्ज किया गया है।

पिछले साल 50 डिग्री तक पहुंच गया था पारा

पिछले साल गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। 28 मई को सिरसा का अधिकतम तापमान 50.3 डिग्री दर्ज किया गया था। जबकि नूंह में 48.4 डिग्री दर्ज किया गया था। हालांकि पिछले साल जून में थोड़े अंतराल के बाद बारिश से ज्यादा गर्मी नहीं पड़ी थी। अधिकतम तापमान 46 डिग्री के आसपास ही दर्ज किया गया था।

कहां कितना रहा तापमान

जिले  अधिकतम तापमानन्यूनतम तापमान
अंबाला             42.0             30.5
हिसार             44.3              28.8

करनाल            40.9             28.5
नारनौल             44.7             29.3

रोहतक             46.2             28.6
भिवानी             44.1             29.8

गुरुग्राम             42.1             27.2
पंचकूला             39.4             28.1