हल्लोमाजरा में पुराना रास्ता बंद करने पर हंगामा, विरोध के बाद लौटे कर्मचारी

हल्लोमाजरा में पुराना रास्ता बंद करने पर हंगामा, विरोध के बाद लौटे कर्मचारी

 हल्लोमाजरा में पावर ग्रिड के साथ लगते पुराने रास्ते के लिए वीरवार को तनावपूर्ण स्थिति बन गई। प्रशासन की टीम रास्ते को बंद करने के लिए पहुंची थी। रास्ता बंद करने के लिए कर्मचारियों ने खोदाई की और फिर फेंसिंग कर दीवार बनाने का काम कर रहे थे। इसके बाद स्थानीय निवासियों को जब भनक लगी तो बड़ी संख्या में एकत्रित हो गए और कार्रवाई का विरोध करने लगे। मौके पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अभय कुमार झा भी पहुंचे और उन्होंने भी प्रशासनिक कार्रवाई का विरोध किया। उन्होंने कहा कि यह रास्ता लगभग 40 वर्षों से स्थानीय लोगों, दीप कॉम्प्लेक्स, सिटको की फैक्ट्रियों और अन्य लोगों के लिए मुख्य आवागमन मार्ग है। अगर यह बंद हो गया तो हजारों लोग प्रभावित होंगे। उन्होंने बताया कि हल्लोमाजरा की जनसंख्या लगभग 70,000 है। यहां बड़ी संख्या में गोदाम और फैक्ट्रियां हैं, जिनमें प्रतिदिन भारी वाहन आते-जाते हैं। वर्तमान में हल्लोमाजरा का मुख्य रास्ता पतला और भीड़भाड़ वाला है, ऐसे में यह पुराना रास्ता अत्यधिक उपयोगी है। प्रशासनिक कार्रवाई के विरोध के कारण कर्मचारी वहां से लौट गए। अभय झा ने डीसी निशांत कुमार यादव को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि इस पुराने रास्ते को बंद न किया जाए और जनता की सुविधा को प्राथमिकता दी जाए। स्थानीय लोग भी यही मांग कर रहे हैं।