हल्की बारिश और हवाओं से बदला मौसम, गर्मी से राहत, मौसम का मजा लेने सुखना लेक पहुंचे लोग

सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ में रविवार को मौसम का मिजाज बदल गया है। शहर में सुबह हल्की बारिश और हवाओं से लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
जून महीने की गर्मी से लोग बेहाल हो रहे थे। आसमान के बरसती आग और लू के थपेड़ों ने लोगों को खासे परेशान किया हुआ था। बीते कई दिनों से गर्मी की मार झेल रहे चंडीगढ़ के लोगों को रविवार को कुछ हद तक राहत मिली है। सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ में रविवार सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई है। इससे मौसम सुहावना बन गया है। बारिश के बाद ठंडी हवाएं गर्मी से राहत का एहसास करवा रही हैं।
रविवार सुबह जैसे ही लोगों की आंख खुली तो मौसम का नजारा देखकर दिल खुश हो गया। आसमान में छाए बादल और हल्की बारिश से मौसम कूल-कूल हो गया। ठंडे मौसम का नजारा लेने के लिए लोग सुखना लेक, रॉक गार्डन समेत शहर के पार्कों में पहुंचे हैं। रविवार को छुट्टी होने के चलते सुखना लेक में पर्यटकों की खासी भीड़ है।
रविवार को बदले मौसम के मिजाज के बाद तापमान में भी गिरावट आई है। शहर के लोग इस सुवाहने मौसम का आनंद ले रहे हैं। इससे पहले शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से करीब 4 डिग्री अधिक रहा, जिसने दिन भर लोगों को बेहाल किया। न्यूनतम तापमान भी 28.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा है, जिससे रात में भी उमस भरी गर्मी से राहत नहीं मिली। तेज धूप और तपिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर रखा है
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में मौसम के मिजाज में बदलाव की संभावना जताई है। विभाग के पूर्वानुमान के सोमवार और मंगलवार से आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे हालांकि बीच-बीच में धूप भी निकलेगी। बुधवार को शहर में हल्की बारिश होने की उम्मीद है। वहीं, महीने के अंत में शहर में मानसून दस्तक दे सकता है।
बिजली की खपत में मामूली गिरावट
पिछले कुछ दिनों की तुलना में शनिवार को तापमान में आंशिक गिरावट आने के कारण बिजली की खपत में भी थोड़ी कमी दर्ज की गई। शनिवार को कुल 417 मेगावाट बिजली की खपत हुई, जो बीते सप्ताह के मुकाबले कुछ कम है। बिजली विभाग के अनुसार, लगातार बढ़ती गर्मी के कारण एयर कंडीशनर, कूलर और अन्य उपकरणों के इस्तेमाल में जबरदस्त इजाफा हुआ था, जिससे खपत 465 मेगावाट के पार तक पहुंच गई थी।