बारिश से बदला मौसम… कूल-कूल हुआ चंडीगढ़, उमस-गर्मी से राहत, आगे ऐसा रहेगा मौसम

बारिश से बदला मौसम… कूल-कूल हुआ चंडीगढ़, उमस-गर्मी से राहत, आगे ऐसा रहेगा मौसम

मंगलवार को शहर में बारिश हुई है। बारिश से मौसम में ठंडक आ गई है। वहीं बीते कई दिनों से शहरवासी गर्मी से परेशान थे। इसी बीच बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दिलाई है। सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ में बीते कई दिनों से सता रही गर्मी से मंगलवार को राहत मिली। सुबह होती की मौसम ने करवट बदली और पूरे शहर में हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारिश से तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई है। 

बीते दिन के मुकाबले मंगलवार को न्यूनतम तापमान में लगभग 2.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। सोमवार-मंगलवार रात का तामपान 25 डिग्री दर्ज किया गया है। रात में ही 2.5 एमएम बारिश भी हुई है। यह बारिश सोमवार शाम 5.30 से मंगलवार सुबह 8.30 बजे तक रिकॉर्ड की गई है। बारिश के बाद मौसम कूल-कूल हो गया है। मौसम का मजा लेने के लिए लोग घरों से बाहर निकले। इन दिनों स्कूलों में छुट्टियां होने के चलते बच्चे बारिश का मजा लेने के लिए परिवार के लोगों के साथ पार्कों में भी पहुंचे। 

इससे पहले तापमान में गिरावट के बावजूद सोमवार को उमस भरी गर्मी ने परेशान किया। पिछले दिनों की तुलना में गर्मी से राहत रही। सोमवार को शहर में अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में 0.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, हालांकि यह सामान्य से अभी भी 0.8 डिग्री ज्यादा रहा।न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 1.2 डिग्री ज्यादा रहा। रात के तापमान में एक दिन के अंदर करीब 4.1 डिग्री की कमी दर्ज की गई। 

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में बारिश हो सकती है। इसके अलावा तेज हवाएं के चलने की संभावना भी रहेगी। करीब 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। शहर में सुखना लेक से लेकर बाजारों में रौनक देखने को मिली। पर्यटकों की संख्या काफी ज्यादा रही। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट जारी रहेगी।

दिन       अधिकतम ताममान       न्यूनतम तापमान
17 जून         33                         27 
18 जून         35                         26                        
19 जून         35                         26 
20 जून         34                         27