अगले 3 दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी; हवा में नमी की मात्रा बढ़ी, उमस से लोग परेशान

मानसून की आहट के बीच सोमवार को हरियाणा के दस जिलों में बारिश हुई। सबसे अधिक भिवानी में 39.5, नारनौल में 24.5 व रेवाड़ी के बावल में 20.5 एमएम बारिश हुई। इनके अलावा सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, चरखी दादरी, झज्जर, पलवल व नूंह में बारिश दर्ज की गई।
मानसून हरियाणा की दहलीज पर खड़ा है। हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और राजस्थान के कुछ हिस्सों का छोड़कर इसने पूरे देश को कवर कर लिया है। फिलहाल यह पूर्वी यूपी व हिमाचल की सीमा पर अटका है, लेकिन अगले 24 से 36 घंटे में यह पश्चिमी यूपी व हिमाचल के रास्ते हरियाणा में प्रवेश कर जाएगा। मौसम विभाग ने मानसून आने के संकेत को देखते हुए अगले तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
चंडीगढ़ मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया, मानसून के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। अब ज्यादा इंतजार नहीं करना होगा। 25 से पूरे प्रदेश में बारिश होगी। हरियाणा में मानसून आने का समय 27 जून है। इस बार मानसून तय समय से पहले आने की संभावना जताई गई है। यदि ऐसा होता है तो यह लगातार चौथी बार होगा, जब मानसून तय समय से पहले आएगा।
मानसून से पहले 10 जिलों में बारिश, तापमान भी 41 डिग्री पहुंचा
मानसून की आहट के बीच सोमवार को हरियाणा के दस जिलों में बारिश हुई। सबसे अधिक भिवानी में 39.5, नारनौल में 24.5 व रेवाड़ी के बावल में 20.5 एमएम बारिश हुई। इनके अलावा सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, चरखी दादरी, झज्जर, पलवल व नूंह में बारिश दर्ज की गई। भारतीय मौसम विभाग ने इसे प्री-मानसून बारिश बताया है। वहीं, हवा में नमी की मात्रा बढ़ने से उमस ने लोगों को परेशान किया और दिन का तापमान फिर 40 डिग्री पार कर गया। सिरसा में सोमवार को अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री दर्ज किया गया है। अगले दो दिन में 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से अंधड़ चलने की भी उम्मीद है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई है।
अधिकारी के अनुसार
मौसम विभाग के अनुसार मानसून ने अभी हरियाणा में प्रवेश नहीं किया है। यह प्री-मानसून की बारिश है। अगले दो से तीन दिन तक प्री मानसून की बारिश की संभावना है।