बाल श्रम के खिलाफ इस माह चलेगा अभियान, 27 बच्चों को छुड़ाया

बाल श्रम के खिलाफ इस माह चलेगा अभियान, 27 बच्चों को छुड़ाया

चंडीगढ़। यूटी प्रशासन के समाज कल्याण, महिला व बाल विकास विभाग की तरफ से जून माह को ‘विश्व बाल श्रम निषेध दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान कई कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा। वीरवार को सेक्टर-9 स्थित नए यूटी सचिवालय में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने चंडीगढ़ वासियों को संबोधित किया।
प्रशासक कटारिया ने सभी नागरिकों से बाल श्रम को खत्म करने में सक्रिय भागीदारी निभाने और बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने की अपील की। अभियान के समर्थन में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता चंडीगढ़ प्रशासन के मुख्य सचिव राजीव वर्मा ने की। इसमें सभी सचिव, निदेशक व वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। चंडीगढ़ प्रशासन के सभी विभागों के साथ-साथ व्यापार मंडल और होटल एसोसिएशन ने भी शपथ ग्रहण की। अभियान के तहत जन-जागरूकता के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं जिनमें रेडियो कैंपेन, डिजिटल आउटरीच, नुक्कड़ नाटक एवं बाल श्रम विरोधी रेस्क्यू ड्राइव्स शामिल हैं। रेस्क्यू ड्राइव्स के तहत जनवरी 2025 से अब तक 27 बच्चों को बाल श्रम से मुक्त कराया है। इस अभियान में जिला बाल संरक्षण इकाई, श्रम विभाग, मानव तस्करी निरोधक इकाई और चाइल्ड हेल्पलाइन की टीमों ने सक्रिय भूमिका निभाई।