यूटी पावरमैन यूनियन ने सीपीडीएल के कामों की आलोचना की

यूटी पावरमैन यूनियन ने सीपीडीएल के कामों की आलोचना की

चंडीगढ़। यूटी पावरमैन यूनियन के बैनर तले बिजली कर्मचारियों ने वीरवार को सेक्टर-18 के बिजली दफ्तर के बाहर रैली की। इस दौरान बिजली कर्मचारियों ने सीपीडीएल कंपनी की आलोचना की। यूनियन के नेताओं ने कहा कि खाली पड़ी प्रमोशन कोटे के पद नहीं भरे जा रहे हैं, जबकि पांच महीने बीत गए हैं। पदोन्नति के पदों पर कर्मचारियों को प्रमोशन करने की जगह फॉल्ट रिकवरी टीम (एफआरटी) के नाम पर अनट्रेंड लोगों की भर्तियां की जा रही हैं। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि अस्थायी कर्मचारियों को थोपने के साथ ही औजार सहित अन्य मांगों पर नकारात्मक रवैये के खिलाफ यह रोष रैली हुई है।

इस रोष रैली को यूनियन के महासचिव गोपाल दत्त जोशी, वरिष्ठ उप प्रधान सुखविंदर सिंह, गुरमीत सिंह, राम गोपाल, सत्कार सिंह, वीरेंद्र सिंह, सुरजीत सिंह, हरजिंदर सिंह, मनप्रीत सिंह ने संबोधित किया। कर्मचारी नेताओं ने चंडीगढ़ प्रशासन और सीपीडीएल मैनेजमेंट की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि प्रशासन अधिकारियों और सीपीडीएल के पदाधिकारियों की मिली भगत के कारण शहर के कर्मचारी परेशानी झेल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बाहरी लोगों को अधिक सुविधा दी जा रही हैं, जबकि विभागीय कर्मचारियों को हतोत्साहित किया जा रहा है। यूनियन के नेताओं ने पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक से मांग की है कि कंपनी में भेजे गए कर्मचारियों को तुरंत सरकारी विभागों में खाली पड़े पदों पर एडजस्ट किया जाए।