आईएसबीटी-43 पर धरना प्रदर्शन देने पर 9 कर्मचारी गिरफ्तार

आईएसबीटी-43 पर धरना प्रदर्शन देने पर 9 कर्मचारी गिरफ्तार

आईएसबीटी-43 पर अवैध रूप से धरना प्रदर्शन देने पर पुलिस ने सीटीयू 9 कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। बाद में सभी को थाने से जमानत पर छोड़ दिया गया। सेक्टर-36 थाना पुलिस ने 16 जून को आईएसबीटी-43 पर धरना प्रदर्शन करने के खिलाफ डायरेक्टर ट्रांसपोर्ट प्रद्युमन सिंह की शिकायत पर 10 कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। आईएसबीटी-43 की चौकी इंचार्ज आशा देवी ने पूछताछ के लिए इन्हें चौकी बुलाया था। जिसके बाद 9 कर्मचारी चौकी पहुंचे, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सीटीयू विभाग को इन कर्मचारियों की गिरफ्तारी की जानकारी दे दी है।

शिकायत के अनुसार सीटीयू वर्कर्स यूनियन (साझा मोर्चा) ने सोमवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आईएसबीटी पर अवैध रूप से धरना प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के कारण बस सेवाएं प्रभावित हुईं और जनता को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस मामले में पुलिस ने शिकायत के बाद जोगिंदर सिंह (टायरमैन), ओम प्रकाश (ड्राइवर), रविश कुमार (ड्राइवर), मलकीयत सिंह (ड्राइवर), हकम सिंह (कंडक्टर) सुरेंद्र कुमार (ड्राइवर) दिनेश (कंडक्टर) नवीन कुमार (कंडक्टर), धर्मिंदर सिंह राही (ड्राइवर) और अशोक कुमार (ड्राइवर) के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।