रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण पर निकलेंगे भगवान जगन्नाथ

रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण पर निकलेंगे भगवान जगन्नाथ

 सेक्टर-31 के श्री जगन्नाथ मंदिर से रथयात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस रथयात्रा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस मौके पर पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होंगे। मंदिर को संचालित करने वाली संस्था उत्कल सांस्कृतिक संघ के सांस्कृतिक सचिव अनिल मलिक ने बताया कि सुबह से ही धार्मिक प्रक्रियाएं शुरू हो जाएंगी। दोपहर डेढ़ बजे रथयात्रा का शुभारंभ होगा। आकर्षक तरीके से सजे रथ पर भगवान जगन्नाथ, भ्राता बलभद्र और बहन सुभद्रा रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण पर भक्तों को दर्शन देने के लिए निकलेंगे। रथयात्रा के दौरान भगवान मौसी के घर जाएंगे। बहुडा यात्रा के दौरान 5 जुलाई को भगवान मंदिर में आएंगे। इस दौरान 28 जून से 5 जुलाई तक मंदिर में हर रोज शाम में भजन कीर्तन का आयोजन होगा।

इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। रथयात्रा में विशेष शंख ध्वनि होगी। इसके लिए ओडिसा से विशेष रूप से कलाकार बुलाए गए हैं। वे करतब करते हुए शंख बजाएंगे। रथ यात्रा का शहर में जगह जगह भव्य स्वागत होगा। उन्होंने बताया कि पीजीआई के डाॅ. सत्य स्वरूप त्रिपाठी राजा के रूप में रथ पर झाड़ू लगाएंगे।