चंडीगढ़ में तेज बरसात: भीगते-भीगते काम पर पहुंचे लोग, तीन दिन की बारिश ने तोड़ा 11 साल का रिकॉर्ड

चंडीगढ़ में मानसून का सीजन जून-जुलाई-अगस्त और सितंबर को माना जाता है। जून पहला महीना होता है, जब मानसून दस्तक देता है। इस साल जून में रिकाॅर्ड बरसात हुई है। चंडीगढ़ में मंगलवार सुबह से तेज बरसात हो रही है। इससे आफिस आने जाने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मानसून ने इस बार रिकॉर्ड तोड़ दस्तक दी है। जून महीने के आखिरी तीन दिनों में हुई मूसलाधार बारिश ने 11 साल का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया। सामान्य से कहीं ज्यादा बरसात से जहां मौसम सुहाना हुआ, वहीं कई इलाकों में पेड़ गिरने और सड़क धंसने की समस्या भी आई है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए भी अलर्ट जारी किया है।
जून में हुई सामान्य से अधिक बारिश
हर साल औसतन जून के महीने में 155.5 एमएम बारिश होती है, लेकिन इस बार 263.9 एमएम हुई है। ये सामान्य से 70 फीसदी ज्यादा है। 29 जून को एक दिन में ही 119.5 एमएम बारिश हो गई थी। जून महीने में इतनी बारिश आखिरी बार 2013 में हुई थी, जब 275 एमएम बारिश हुई थी।
जुलाई में भी अधिक बरसात की संभावना
पिछले साल सबसे कम महज 11.9 एमएम बारिश हुई थी। ये सामान्य से 92 फीसदी कम था। मौसम विभाग के अनुसार इस वर्ष जुलाई माह में भी सामान्य से ज्यादा बारिश होगी। इस संबंध में पहले ही अलर्ट जारी कर दिया गया है।
आंकड़ों के अनुसार जून में सबसे ज्यादा गर्म दिन 11 जून का रहा था, जब पारा 43.9 डिग्री पहुंच गया था। पूरे महीने का औसत अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री रहा है। हालांकि पिछले साल जून का महीना सबसे गर्म रहा था। वहीं न्यूनतम तापमान 3 जून को सबसे कम 21 डिग्री दर्ज किया गया था। बता दें कि महीना पूरा होने के बाद मौसम विभाग की तरफ से पूरे महीने के तापमान को लेकर आंकड़े जारी किए जाते हैं।
पारा 5 डिग्री गिरा
रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि कुल 70.5 एमएम बारिश हुई और सोमवार को दिन के समय में 1.8 एमएम बारिश हुई। इस तरह अब तक कुल 263.9 एमएम बारिश हो चुकी है। बारिश का असर तापमान पर भी पड़ा है और सोमवार को शहर के अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री कम 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री कम 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम केंद्र के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।