पंजाब मंत्रिमंडल में विस्तार आज, संजीव अरोड़ा लेंगे मंत्री पद की शपथ

पंजाब में मंत्रिमंडल के विस्तार के दौरान किसी एक मंत्री की छुट्टी होने की भी चर्चा है। पहले तीन मंत्रियों से मंत्री पद वापस लेने की चर्चा चल रही थी। इसके बाद में उन चर्चाओं पर विराम लग गया था।पंजाब सरकार के मंत्रिमंडल में आज विस्तार होगा। आम आदमी पार्टी के लुधियाना पश्चिम हलके से नव निर्वाचित विधायक संजीव अरोड़ा मंत्री पद की शपथ लेंगे। इसके साथ ही मंत्रियों के विभागों में भी फेरबदल हो सकता है। अरोड़ा को अहम जिम्मेदारी मिल सकती है। पहले पिछले सप्ताह मंत्रिमंडल का विस्तार होना था, लेकिन राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया की व्यस्तता के कारण इसे टाल दिया था।
पंजाब राजभवन के अनुसार दोपहर एक बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा। मान के नेतृत्व में यह तीन साल के कार्यकाल के दौरान सातवां फेरबदल होगा। इससे पहले भी क्षेत्रीय समीकरणों और पार्टी प्रदर्शन के आधार पर बदलाव किए गए थे। अरोड़ा का मंत्री बनना पहले से ही तय था। इससे पहले पिछले साल सितंबर माह में मंत्रिमंडल में बड़ा फेरबदल हुआ था और चार मंत्रियों की छुट्टी कर दी थी।