अल्पसंख्यक हमेशा राष्ट्र निर्माण में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे : मनीष तिवारी

भारत की एकता, प्रगति और संवैधानिक मूल्यों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के लिए सेक्टर-35 के कांग्रेस भवन में सोमवार को कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम का नाम मैं भी देश के साथ रखा गया। चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग की ओर से इसका आयोजन हुआ। बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
चंडीगढ़ कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के नव नियुक्त चेयरमैन आसीफ चौधरी के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में डॉ. एपीएजे अब्दुल कलाम और कर्नल सोफिया कुरैशी जैसी राष्ट्रीय प्रेरणा के स्रोत शख्सियतों की कहानियां और विचार साझा किए गए। बताया कि दोनों अल्पसंख्यक पृष्ठभूमि से होते हुए भी देशभक्ति और उत्कृष्टता के प्रतीक बने।
उपस्थित पार्टी कार्यकर्ताओं को सांसद मनीष तिवारी ने संबोधित किया। मनीष तिवारी ने कहा कि भारत की ताकत उसकी विविधता में है। विज्ञान से लेकर सेना तक, साहित्य से लेकर लोक सेवा तक, अल्पसंख्यक हमेशा राष्ट्र निर्माण में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे हैं।
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की दूरदर्शिता हो या कर्नल सोफिया कुरैशी का साहस। हम इन नायकों के योगदान पर गर्व करते हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम यह साबित करता है कि अल्पसंख्यक केवल संविधान के लाभार्थी नहीं, बल्कि उसके गर्वित रक्षक हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा सर्व धर्म समभाव और समावेशी राष्ट्रवाद में विश्वास करती है।
अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन आसिफ चौधरी ने कहा कि चेयरमैन के रूप में वे यह सुनिश्चित करेंगे कि अल्पसंख्यकों की आवाज न सिर्फ़ सुनी जाए, बल्कि उसका सम्मान भी हो। कार्यक्रम का समापन संविधान के मूल्यों की रक्षा और एक मजबूत, एकजुट भारत के निर्माण की शपथ के साथ हुआ।