पांच जुलाई से घर-घर मुफ्त पौधे बांटेगा वन विभाग

 पांच जुलाई से घर-घर मुफ्त पौधे बांटेगा वन विभाग

वन संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए वन विभाग 5 जुलाई से घर-घर मुफ्त पौधे बांटने की पहल शुरू करने जा रहा है। इस बार फलदार और औषधीय पौधों को प्राथमिकता दी जाएगी। वन महोत्सव के तहत विभाग ने 1.25 लाख पौधे रोपने का लक्ष्य तय किया है। हर साल की तरह इस बार भी न सिर्फ पौधरोपण किया जाएगा, बल्कि लोगों को उनके रखरखाव के लिए भी जागरूक किया जाएगा।

बारिश के पानी का अधिकतम लाभ उठाने के लिए इस सीजन में छायादार, फलदार, औषधीय और फूलदार प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे, ताकि पौधों की बेहतर वृद्धि और जीवित रहने की संभावना बढ़े। इसके लिए सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक तीन गाड़ियां सेक्टरों में चक्कर लगाएंगी। ये वाहन शहर में घूमेंगे और निवासियों को पेड़ लगाने के लिए प्रेरित करेंगे। एक व्यक्ति अलग-अलग किस्मों के अधिकतम पांच पौधे ले सकता है।

अभियान का उद्देश्य उन पौधों के रोपण को बढ़ावा देना है, जो वायु प्रदूषण को रोकने में सक्षम हैं। साथ ही ग्रीन एक्शन प्लान भी जारी किया जा सकता है। वन महोत्सव के दौरान विभाग की किसी भी नर्सरी से जाकर भी चंडीगढ़ के लोग पौधरोपण के लिए पौधे ले सकते हैं। नर्सरी का समय सुबह 8 से शाम 5 बजे तक होता है और दोपहर 12 से 1 के बीच लंच के समय बंद होता है।