लापरवाही का पता चलते ही निगम ने ली रोज गार्डन के बदहाल म्यूजियम को चमकाया

सिटी ब्यूटीफुल का दिल कहलाए जाने वाले रोज गार्डन में बने म्यूजियम की जर्जर हालत की नगर निगम ने आखिरकार सुध ले ही ली। क्योंकि इस म्यूजियम में पुराना सामान रखकर इसको एक स्टोर रूम बना रखा था। अब नगर निगम प्रशासन ने यहां पर साफ-सफाई करके इसको चकाचक चमका दिया है। दरअसल अमर उजाला ने 24 जून को नहीं हो रही देखभाल, खंडहर बना रोज गार्डन का म्यूजियम शीर्षक से फोटो सहित समाचार प्रकाशित किया था। इस कारण नगर निगम प्रशासन को अपनी लापरवाही का एहसास हुआ और अब कड़ा संज्ञान लिया है।
नगर निगम ने इस म्यूजियम को स्टोर रूम बना रखा था और अब सारा पुराना सामान उठा लिया गया है। म्यूजियम के चारों ओर से गंदगी भी उठवा दी गई और इसके आसपास बैठने के लिए जो टूटे हुए बेंच रखे हुए थे उन्हें भी हटवा दिया गया है। इनकी जगह पर नए बेंच रख दिए गए हैं। म्यूजियम के अंदर फिर से वहीं सुंदर गुलाब की विभिन्न किस्मों के फूलों के 3डी साइन बोर्ड सजा दिए गए हैं। अब ऐसा प्रतीत होता है मानों इस म्यूजियम के पुराने दिन लौट आए हैं। इस म्यूजियम को अब आम जनता के लिए भी खोल दिया गया है, जिससे यहां आने वाले लोगों को निराश न होना पडे। अब यहां पर दोबारा रौनक लौट आई है।